भोपाल डेस्क। एशियन गेम्स 2026 के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, जोश और उल्लेखनीय खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी मजबूती के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया।
आइची-नागोया में हुए एशियन गेम्स में भारत ने कुल 85 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय दल ने 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक अपने नाम किए। यह एशियाई खेलों के इतिहास में भारत का दूसरा सबसे बड़ा पदक संग्रह रहा।
PM मोदी ने भारतीय दल के हर सदस्य को दी बधाई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'एशियन गेम्स 2026 के समापन के अवसर पर, दृढ़ संकल्प, जोश और उल्लेखनीय खेल भावना के साथ हमारे देश का प्रतिनिधित्व करने वाले भारतीय दल के प्रत्येक सदस्य को मेरी हार्दिक बधाई.
प्रधानमंत्री ने देश के पदक विजेताओं को बधाई दी और कहा कि उनके प्रदर्शन ने देश को अपार खुशी दी है. उन्होंने लिखा, “हमारे सभी पदक विजेताओं को बधाई, जिनके प्रदर्शन ने देश को अपार खुशी दी है.
पीएम मोदी बोले- इस प्रदर्शन से आने वाले वर्षों में प्रेरणा मिलेगी
प्रधानमंत्री मोदी ने आशा व्यक्त की कि आइची-नागोया में हुए प्रदर्शन से आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियों की प्रेरणा मिलेगी और जमीनी स्तर पर भारत के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में मदद मिलेगी.
उन्होंने आगे कहा कि आशा है कि ये खेल आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियों की प्रेरणा देंगे. आशा है कि ये जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में भी योगदान देंगे. जापान में भारत के अभियान में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां और अलग-अलग खेलों में सफलतापूर्वक खिताब बचाए रखने की घटनाएं खास रहीं.
पुरुष और महिला क्रिकेट टीमों ने अपने एशियन गेम्स के खिताब बरकरार रखे, वहीं दोनों कबड्डी टीमों ने भी स्वर्ण पदक जीते. पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया पर 5-1 से जीत हासिल करके अपने खिताब की सफलतापूर्वक रक्षा की, वहीं महिला टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक के लिए 44 साल का इंतजार खत्म किया.