लखनऊ- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के दौरे के दौरान लखनऊ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और सनातन पर लगातार सवाल उठाने वाले नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि देश की जनता अपनी आस्था का अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी।
'देवी-देवताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा देश'
नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल को हिंदू धर्म को कमजोर समझने की भूल नहीं करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके समर्थक या सहयोगी हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तब ये नेता चुप्पी साध लेते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सनातन पर किसी भी प्रकार का हमला देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने इस विरासत को बचाने के लिए बलिदान दिए हैं और भाजपा उसी विरासत को आगे बढ़ा रही है।
'आस्था पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग'
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आस्था के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाने वाले लोग कभी भी धार्मिक भावनाओं की बात नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण से लेकर काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास तक सनातन संस्कृति को नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर गोलियां चलवाने के लिए जिम्मेदार रहे, वे आज आस्था की राजनीति करने का नैतिक अधिकार नहीं रखते।
2017 से पहले और अब के यूपी की तुलना
नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद और माफियाराज का प्रतीक बन चुका था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने राज्य की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन और कानून व्यवस्था के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।
'महिलाएं आज सुरक्षित महसूस कर रही हैं'
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपराध का माहौल था, लेकिन अब महिलाएं दिन हो या रात, बिना भय के घर से बाहर निकल सकती हैं। भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है और माफिया तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनाया है।
2027 चुनाव पर भी दिया संदेश
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा जनता के बीच लगातार काम करने वाली पार्टी है, जबकि विपक्ष केवल चुनाव के समय सक्रिय होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी और जीत की हैट्रिक बनाएगी।