तमिलनाडु - सी. जोसेफ विजय ने तमिलनाडु की सत्ता संभालने के बाद पहली बार केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में हाल ही में हुई बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया।
जनता पर बोझ बिल्कुल मंजूर नहीं
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि, ईंधन की कीमतों में अचानक की गई बढ़ोतरी “बिल्कुल अस्वीकार्य” है और केंद्र सरकार को यह फैसला तुरंत वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई पहले से ही लोगों की कमर तोड़ रही है, ऐसे में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाना आम जनता के हित में नहीं है।
सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाए 3 रुपए
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बाद भारत सरकार ने शुक्रवार को देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम करीब ₹3 प्रति लीटर बढ़ा दिए। इस फैसले के बाद कई राज्यों में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
कई चीजें महंगी होगी - सीएम विजय
सीएम सी. जोसेफ विजय ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ता है। परिवहन खर्च बढ़ने से खाने-पीने की चीजों समेत रोजमर्रा के सामान महंगे हो जाते हैं। उन्होंने केंद्र से जनता को राहत देने के लिए वैकल्पिक कदम उठाने की अपील की। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का यह बयान उनके आक्रामक राजनीतिक रुख का संकेत माना जा रहा है।