राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार (4 जुलाई) को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-11बी पर बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के धनौरा मोड़ के पास एक निजी बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार 33 यात्री घायल हो गए, जिनमें 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया है।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निजी बस धौलपुर से बाड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस के सामने एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ दिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
पुलिस और राहत दल ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल किया गया।
हादसे की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दुर्घटना की वजह बाइक सवार को बचाने के दौरान बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।