नई दिल्ली: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन यानी DUSU Election 2026 के लिए आज, 18 सितंबर को मतदान होगा। चुनाव को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान, सुरक्षा व्यवस्था, पोलिंग सेंटर और EVM से जुड़े सभी इंतजामों को अंतिम रूप दे दिया गया है। डूसू चुनाव के नतीजे 19 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। सेंट्रल पैनल के वोटों की गिनती मल्टीपर्पज हॉल में होगी। इस बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं।
52 पोलिंग सेंटर पर होगा मतदान
DUSU Election 2026 के लिए दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने नॉर्थ कैंपस और साउथ कैंपस में कुल 52 पोलिंग सेंटर बनाए हैं। इन्हीं केंद्रों पर छात्र अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद 19 सितंबर को वोटों की गिनती की जाएगी। सेंट्रल पैनल के चुनाव परिणाम मल्टीपर्पज हॉल में घोषित किए जाएंगे।
EVM से डाले जाएंगे वोट
डूसू चुनाव में मतदान EVM के जरिए कराया जाएगा। चुनाव प्रशासन के अनुसार, 17 सितंबर को EVM सभी 52 पोलिंग सेंटर पर पहुंचा दी गई हैं। किसी भी पोलिंग सेंटर पर EVM में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में उसे जल्द बदलने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन के मुताबिक, खराब EVM को लगभग 10 से 15 मिनट के भीतर नई EVM से बदला जा सकेगा, ताकि मतदान प्रक्रिया बाधित न हो।
सुबह और शाम की पाली में मतदान का समय
दिल्ली यूनिवर्सिटी में रेगुलर और सांध्य कॉलेजों के लिए अलग-अलग समय पर मतदान होगा
- रेगुलर कॉलेज: सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक
- सांध्य कॉलेज: दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक
छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने कॉलेज और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी पहले ही जांच लें, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
पुलिस और कॉलेज प्रशासन संभालेंगे सुरक्षा
DUSU चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है। मतदान केंद्रों पर पुलिस के साथ-साथ कॉलेज प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगा। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद प्रशासन की प्राथमिकता मतदान केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखना और छात्रों को सुरक्षित मतदान का माहौल उपलब्ध कराना है।
ID कार्ड नहीं है तो इन दस्तावेजों से कर सकेंगे मतदान
मतदान के लिए यूनिवर्सिटी या कॉलेज की ओर से जारी ID कार्ड जरूरी होगा। हालांकि, इस बार एडमिशन लेने वाले कई प्रथम वर्ष के छात्रों को अभी तक ID कार्ड जारी नहीं हुए हैं।
ऐसे छात्र कुछ वैकल्पिक दस्तावेजों के जरिए मतदान कर सकेंगे। इनमें शामिल हैं:
- सत्यापित फीस रसीद
- फोटोयुक्त बोनाफाइड सर्टिफिकेट
- सरकारी पहचान पत्र
हालांकि, इन सभी मामलों में मतदाता सूची में छात्र का नाम होना अनिवार्य है। केवल पहचान पत्र होने से मतदान का अधिकार नहीं मिलेगा, यदि नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
DUSU Election 2026: किस संगठन से कौन उम्मीदवार?
ABVP के उम्मीदवार
- अध्यक्ष: यश डबास
- उपाध्यक्ष: ईशू मौर्या
- सचिव: रिया छाबड़ी
- सहसचिव: लक्ष्य राज सिंह
NSUI के उम्मीदवार
- अध्यक्ष: विजय शंकर मीणा
- उपाध्यक्ष: वीर चतरथ
- सचिव: नम्रता चौधरी
- सहसचिव: गोपाल चौधरी
AISA-SFI के उम्मीदवार
- अध्यक्ष: अनन्या रतुड़ी
- उपाध्यक्ष: अक्षत शिखर
- सचिव: स्टैनजिन डेस्केयोंग
- सह-सचिव: बी परिजात
SSP के उम्मीदवार
- अध्यक्ष: अश्मित कुमार पवार
- सचिव: पंकज कुमार
सेंट्रल पैनल पर कुल 19 उम्मीदवार मैदान में
DUSU चुनाव दो स्तरों पर होता है। एक तरफ कॉलेजों में छात्रसंघ के चुनाव होते हैं, जबकि दूसरी तरफ यूनिवर्सिटी के सेंट्रल पैनल के लिए मतदान कराया जाता है।
इस बार सेंट्रल पैनल पर कुल 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। पदवार उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है:
- अध्यक्ष पद: 7 उम्मीदवार
- उपाध्यक्ष पद: 5 उम्मीदवार
- सचिव पद: 4 उम्मीदवार
- संयुक्त सचिव पद: 4 उम्मीदवार
19 सितंबर को घोषित होंगे नतीजे
मतदान के बाद 19 सितंबर को डूसू चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे। सेंट्रल पैनल के वोटों की गिनती मल्टीपर्पज हॉल में होगी। चुनाव परिणामों के साथ ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के प्रमुख पदों पर किस संगठन के उम्मीदवार जीत दर्ज करते हैं।