मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में धूप-छांव के बीच हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में भी मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिला। शहर के कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ीं, जबकि कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई।
बारिश में कमी के बीच प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दिन में धूप निकलने और शाम के समय स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की स्थिति बनी हुई है।
अगले 4-5 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
दिन के समय धूप रहने के बाद शाम को सीबी क्लाउड्स यानी गरज वाले बादलों के सक्रिय होने से वर्षा की स्थिति बन रही है।वर्तमान में उत्तर हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। हालांकि, इसका मध्यप्रदेश के मौसम पर फिलहाल कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही पैटर्न बना रह सकता है। दिन में तेज धूप खिलने के बाद शाम के समय कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
अंडमान सागर में बनेगा नया मौसम सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 18 सितंबर की शाम उत्तर अंडमान सागर में एक नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद यह सिस्टम 19 सितंबर तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।यह सिस्टम ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तट की ओर आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से महीने के अंतिम सप्ताह में मध्य प्रदेश में एक बार फिर अच्छी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की विदाई के शुरुआती संकेत भी दिखाई दे सकते हैं। इसके बावजूद सितंबर के अंतिम सप्ताह में बारिश की संभावना बनी हुई है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव
प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी के कारण तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि रतलाम में दिन का तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा।ऐसे में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है।
कहां कितनी हुई बारिश?
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मंडला में सबसे ज्यादा 14 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।
मंडला: 14 मिमी
भोपाल (बैरागढ़): 11 मिमी
ग्वालियर: 4 मिमी
श्योपुर: 3 मिमी
सीधी: 1 मिमी
उमरिया: 1 मिमी
इसके अलावा रीवा, दतिया और जबलपुर में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
भोपाल-इंदौर समेत बड़े शहरों का तापमान
भोपाल: अधिकतम 31.4°C | न्यूनतम 23.6°C
इंदौर: अधिकतम 32.4°C | न्यूनतम 22.1°C
ग्वालियर: अधिकतम 35.2°C | न्यूनतम 26.3°C
जबलपुर: अधिकतम 32.9°C | न्यूनतम 23.6°C