इंदौर, 17 सितंबर 2026। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार को इंदौर से प्रदेश की गौशालाओं को करीब ₹66.74 करोड़ का अनुदान वितरित करेंगे। यह भुगतान ऑनलाइन प्रत्यक्ष लाभ अंतरण यानी डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश की पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं को जुलाई 2026 के लिए निर्धारित अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
5.40 लाख से अधिक गोवंश के लिए जारी होगी राशि
इस अनुदान के तहत गौशालाओं में रखे गए 5 लाख 40 हजार 305 गोवंश के व्यवस्थापन और भरण-पोषण के लिए राशि प्रदान की जाएगी। संबंधित गौशालाओं के बैंक खातों में कुल 66 करोड़ 73 लाख 81 हजार 160 रुपये अंतरित किए जाने हैं।
प्रति गोवंश प्रतिदिन ₹40 की दर से मिलता है अनुदान
जनसम्पर्क अधिकारी सुनील वर्मा के अनुसार, राज्य सरकार पंजीकृत एवं संचालित गौशालाओं में रखे गए गोवंश के लिए प्रति गोवंश प्रतिदिन ₹40 की दर से अनुदान उपलब्ध कराती है। इसी व्यवस्था के अंतर्गत जुलाई महीने की राशि का वितरण किया जाएगा।
गौशालाओं के खातों में सीधे होगा भुगतान
मध्यप्रदेश गौसंवर्धन बोर्ड, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही राशि गोवंश की देखभाल और भरण-पोषण पर खर्च की जाएगी। डीबीटी व्यवस्था के तहत अनुदान सीधे संबंधित गौशालाओं के खातों में पहुंचेगा।