भोपाल। गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भोपाल नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डोल ग्यारस से ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू हो जाएगा। इसे देखते हुए शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रमुख घाटों पर क्रेन और पोकलेन मशीनों की मदद ली जाएगी। वहीं, छोटी प्रतिमाओं के लिए अलग से विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत घाटों पर 24 घंटे गोताखोर तैनात रहेंगे। इसके अलावा फायर ब्रिगेड, विद्युत व्यवस्था और सफाई से जुड़े इंतजाम भी किए जाएंगे।
महापौर ने प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया
महापौर मालती राय ने बुधवार को डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी पर गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान और सुविधाजनक विसर्जन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रेमपुरा, कमलापति और खटलापुरा घाट का निरीक्षण कर अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। महापौर ने चल समारोह के मार्गों के साथ विसर्जन स्थलों और घाटों की जरूरत के अनुसार मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने रंगाई-पुताई, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, फायर ब्रिगेड, क्रेन, पोकलेन और अन्य मशीनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इस दौरान अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ, जोन अध्यक्ष आरती अनेजा, बृजुला सचान, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कमलापति घाट पर साफ-सफाई और चित्रकारी पर जोर
कमलापति घाट पर महापौर ने प्रतिमा विसर्जन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पिछले वर्षों की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार भी घाट और आसपास के क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत घाट के आसपास की दीवारों पर सुंदर चित्रकारी कराने के लिए भी कहा गया। निगम का उद्देश्य घाटों को साफ, व्यवस्थित और पॉलिथीन मुक्त रखना है, ताकि श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान बेहतर माहौल मिल सके।
खटलापुरा घाट पर विसर्जन कुंड और सीढ़ियों की मरम्मत
खटलापुरा घाट के निरीक्षण के दौरान महापौर ने विसर्जन कुंड की सफाई और रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घाट की सीढ़ियों की मरम्मत और वहां लगाए जा रहे पेविंग ब्लॉक के काम का भी जायजा लिया। महापौर ने पहले से लगे पेविंग ब्लॉकों को व्यवस्थित करने और चबूतरों से उखड़ रहे पत्थरों को ठीक कराने को कहा। उन्होंने सभी प्रमुख विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि घाटों को साफ, स्वच्छ, पॉलिथीन मुक्त और कचरा मुक्त बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।
नगर निगम मुख्यालय में तैयारियों की समीक्षा बैठक
बुधवार को नगर निगम मुख्यालय में श्री गणेश विसर्जन और चल समारोह की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में महापौर ने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी जरूरी काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। डोल ग्यारस से शुरू होने वाले विसर्जन को देखते हुए निगम प्रमुख घाटों और विसर्जन मार्गों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। बड़े घाटों पर क्रेन और पोकलेन से प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए अलग विसर्जन कुंड की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर गोताखोरों, फायर ब्रिगेड और अन्य जरूरी संसाधनों की तैनाती की जा रही है।