भोपाल। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर को अग्रसेन चौराहे पर सर्व विश्वकर्मा समाज की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों के शामिल होने और चौराहे पर मंच बनाए जाने के कारण अग्रसेन चौराहे के दोनों ओर से वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। यातायात पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्ट मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने से बचें।
रॉयल मार्केट से भवानी चौक जाने वालों के लिए वैकल्पिक मार्ग
रॉयल मार्केट से भवानी चौक की ओर जाने वाले वाहन चालक तीन मोहरा, शाहजहांनाबाद तिराहा और भोपाल टॉकीज होकर आवागमन कर सकेंगे। इस मार्ग का उपयोग कर वाहन चालक अग्रसेन चौराहे से बचते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वीआईपी रोड और रेतघाट मार्ग पर सीमित प्रवेश
यातायात पुलिस ने वीआईपी रोड और रेतघाट से कोहेफिजा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। इस मार्ग पर केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति रहेगी।इसके अलावा मेहंदिया पूर्वी गेट से रॉयल मार्केट की ओर जाने वाले मार्ग पर भी केवल दोपहिया वाहन और शासकीय मेहंदिया अस्पताल जाने वाले चार पहिया वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।
अन्य वाहनों के लिए यह रहेगा मार्ग
अन्य सभी वाहन चालक वीआईपी रोड, कवला, कोहेफिजा और कलेक्टोरेट होकर आवागमन कर सकेंगे। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मार्ग परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
यात्री बसों और व्यावसायिक वाहनों का भी रूट बदला
अग्रसेन चौराहे से भवानी चौक और मोती मस्जिद मार्ग पर चलने वाली यात्री बसों तथा व्यावसायिक वाहनों को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इन वाहनों को कार्यक्रम स्थल के आसपास प्रवेश नहीं दिया जाएगा, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
वाहन चालकों से सहयोग की अपील
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स और डायवर्जन का पालन करें। वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए आवागमन करें।