इंदौर के पास सांवेर क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब एक जर्जर बिल्डिंग को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान पास स्थित दूसरे पुराने मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।दीवार गिरने से वहां मौजूद लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
तीन लोगों की मौत की सूचना
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हुई है। वहीं करीब चार लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना सामने आई है।हादसे में लगभग 7 से 8 लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर लाया गया है।
पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।अभी राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस बिल्डिंग को तोड़ने का काम चल रहा था, वह ‘नेताजी’ के नाम से प्रसिद्ध बताई जा रही है। जर्जर बिल्डिंग को तोड़ते समय उसके पास मौजूद दूसरे मकान की दीवार गिर गई।बताया जा रहा है कि यह मकान भी पुराना और जर्जर था। इसी वजह से दीवार गिरने के बाद बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए।
घायलों को इंदौर भेजा गया
हादसे में घायल हुए लोगों में से गंभीर स्थिति वाले घायलों को इलाज के लिए इंदौर लाया गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और बचाव कार्य की निगरानी कर रही हैं।