भोपाल: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। उनके दो दिवसीय प्रदेश प्रवास का आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को इंदौर और उज्जैन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
17 सितंबर को इंदौर से शुरू होगा दौरा
नितिन नवीन के मध्य प्रदेश दौरे की शुरुआत 17 सितंबर को इंदौर से होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर 1:45 बजे देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे इंदौर में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 2:55 बजे गांधी नगर ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां स्वामित्व योजना के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में नितिन नवीन की मौजूदगी रहेगी।
स्वामित्व योजना की नई पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ
गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वामित्व योजना के तहत नई पंजीयन प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड और स्वामित्व को व्यवस्थित करना है। कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन शाम 5:05 बजे उज्जैन के लिए रवाना होंगे। उज्जैन पहुंचने के बाद उनका धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।
शिप्रा तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
उज्जैन प्रवास के दौरान नितिन नवीन शाम 6:45 बजे रामघाट पहुंचेंगे। यहां वे शिप्रा आरती में शामिल होंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर आयोजित भजन संध्या कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। नितिन नवीन का रात्रि विश्राम उज्जैन में ही रहेगा।
18 सितंबर को महाकाल की भस्म आरती में होंगे शामिल
दौरे के दूसरे दिन यानी 18 सितंबर को नितिन नवीन सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। वे सुबह 4:05 बजे महाकाल मंदिर में भस्म आरती में शामिल होंगे। भस्म आरती के बाद सुबह 9:30 बजे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना होंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे इंदौर एयरपोर्ट से पंजाब के लिए प्रस्थान करेंगे।
बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला मध्य प्रदेश दौरा है। ऐसे में बीजेपी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पार्टी की ओर से इंदौर और उज्जैन में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरे के दौरान नितिन नवीन के धार्मिक, संगठनात्मक और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने की संभावना है। पार्टी कार्यकर्ता उनके स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं।