टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। कप्तान हैरी ब्रूक और जोस बटलर ने मिलकर स्कोर को 250 के पार पहुंचा दिया।बटलर ने महज 44 गेंदों में 80 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ब्रूक ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 49 गेंदों में नाबाद 114 रन बनाए।ब्रूक की पारी में 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
42 गेंदों में शतक, ब्रूक ने रचा इतिहास
हैरी ब्रूक ने पहले 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद अगली 22 गेंदों में उन्होंने बाकी 50 रन बनाकर अपना शतक पूरा कर लिया।उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में शतक जड़ा, जो टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड की ओर से दूसरा सबसे तेज शतक है।इंग्लैंड के लिए सबसे तेज T20I शतक का रिकॉर्ड फिल साल्ट के नाम है, जिन्होंने 39 गेंदों में शतक लगाया था।
इंग्लैंड ने बनाया 254 रन का विशाल स्कोर
ब्रूक और बटलर की आतिशी पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने निर्धारित ओवरों में 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह 2026 में टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े स्कोर में से एक रहा।श्रीलंका के सामने जीत के लिए 255 रन का लक्ष्य था, लेकिन उसकी शुरुआत बेहद खराब रही।
69 रन तक आधी टीम पवेलियन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को इंग्लैंड के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव में रखा। सोनी बेकर ने श्रीलंका के टॉप ऑर्डर को खासा परेशान किया।श्रीलंका ने सिर्फ 69 रन के स्कोर तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद 97 रन तक पहुंचते-पहुंचते उसके आठ बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।आखिरी दो विकेटों ने 38 रन जरूर जोड़े, लेकिन तब तक मैच पूरी तरह इंग्लैंड के पक्ष में जा चुका था। श्रीलंका की पूरी टीम 135 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने मुकाबला 119 रन से जीत लिया।इंग्लैंड के सभी छह गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट अपने नाम किया।
2026 की दूसरी सबसे बड़ी जीत
श्रीलंका के खिलाफ 119 रन की जीत 2026 में ICC के फुल मेंबर देशों के बीच रनों के अंतर से दूसरी सबसे बड़ी जीत है।इस साल रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत भी इंग्लैंड के नाम है।
अब 17 सितंबर को दूसरा मुकाबला
पहला मैच जीतने के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 17 सितंबर को कार्डिफ में खेला जाएगा। तीसरा मैच 19 सितंबर को मैनचेस्टर में होगा।टी20 सीरीज के बाद इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।