मुंबई -‘बिग बॉस 20’ के घर में इन दिनों नॉमिनेशन के बाद कैप्टेंसी टास्क को लेकर माहौल गरमाता नजर आ रहा है। पिछले एपिसोड में जहां तीन कंटेस्टेंट बेघर होने के लिए नॉमिनेट हुए, वहीं अब कैप्टेंसी टास्क के दौरान घरवालों के बीच जमकर बहस देखने को मिली। अरिश्फा खान और स्काउट की भिड़ंत ने पूरे घर का माहौल बदल दिया। इसके अलावा माही विज और आम्रपाली दुबे के बीच भी तीखी बहस हुई।

किचन को लेकर आम्रपाली और मैरी कॉम में तकरार
एपिसोड की शुरुआत में घरवाले सामान्य मूड में दिखाई दिए। यंग ने आम्रपाली दुबे को अपना रैप सुनाया, जबकि कनिका और ईशा अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बातें करती नजर आईं। माही, कनिका और गुल्लू ने भी गार्डन एरिया में मस्ती की। इसी बीच आम्रपाली दुबे ने मैरी कॉम की शिकायत करते हुए कहा कि वह घर में किसी की बात नहीं सुनतीं और किचन में अपनी मर्जी से काम करती हैं। बाद में आम्रपाली ने अपनी पसंद की सब्जी बनाई, जिस पर मैरी कॉम नाराज हो गईं। इस बात को लेकर घर में तनाव का माहौल बन गया।
माही और आम्रपाली के बीच बढ़ा विवाद
दूसरी ओर, काजी ने माही से कहा कि वह स्टार हैं और उन्हें आम्रपाली को ज्यादा महत्व नहीं देना चाहिए। लव ने यह बात सुन ली और आम्रपाली को इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद माही और आम्रपाली के बीच बहस शुरू हो गई। दोनों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक हुई। विवाद के दौरान माही ने आम्रपाली को लेकर कथित तौर पर भोजपुरी समाज से जुड़ी आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर दी। इस बयान के बाद घरवाले अलग-अलग गुटों में बंटे नजर आए। कुछ कंटेस्टेंट माही का समर्थन करते दिखे, तो कुछ आम्रपाली के पक्ष में खड़े रहे।
कैप्टेंसी टास्क में रंगों से निशाना
अगली सुबह बिग बॉस ने कैप्टेंसी टास्क का ऐलान किया। टास्क के नियमों के मुताबिक, मेल कंटेस्टेंट्स को व्हाइट रूम में सफेद कपड़े पहनकर खड़ा होना था। वहीं फीमेल कंटेस्टेंट्स को रंगों की मदद से उन पुरुष सदस्यों पर निशाना लगाना था, जिन्हें वे कैप्टेंसी टास्क से बाहर करना चाहती थीं। टास्क की शुरुआत अरिश्फा खान, लव और रीति से हुई। अरिश्फा ने स्काउट पर रंग फेंका, जिसके बाद स्काउट भड़क गए। उन्होंने गुस्से में अरिश्फा से कहा कि वह उन्हें वहीं पटक देंगे। इस टिप्पणी के बाद अरिश्फा भी नाराज हो गईं और दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
उदिति सिंह और स्काउट में भी गर्मागर्म बहस
अरिश्फा और स्काउट के विवाद के बाद मामला शांत नहीं हुआ। टास्क के दौरान उदिति सिंह और स्काउट भी आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर बहस हुई और घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया। कैप्टेंसी टास्क के दौरान हुए इन विवादों ने साफ कर दिया कि ‘बिग बॉस 20’ के घर में आने वाले एपिसोड्स में टकराव और बढ़ सकता है। अब देखना होगा कि कैप्टेंसी की रेस में कौन-सा कंटेस्टेंट बाजी मारता है और इन विवादों का घर के समीकरणों पर क्या असर पड़ता है।