नई दिल्ली: चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। रविवार, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित होगी। इस प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं।
चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
विपक्षी गठबंधन की इस रैली का मुख्य उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करना है। इसके अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रद्द करने और चुनाव में बैलेट पेपर की वापसी जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे। विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने किया दिल्ली चलो का आह्वान
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने प्रस्तावित मार्च की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी शुरुआत दोपहर 12 बजे मिंटो रोड- कनॉट प्लेस जंक्शन से होगी और मार्च रामलीला मैदान पहुंचकर समाप्त होगा। कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के विभिन्न घटक दल देशभर से अपने समर्थकों को जुटाने में लगे हैं।
ममता बनर्जी, राहुल गांधी समेत कई दिग्गजों के शामिल होने की संभावना
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत कई विपक्षी नेताओं के शामिल होने की संभावना है। विभिन्न विपक्षी दलों, छात्र संगठनों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन को विपक्षी एकजुटता के बड़े प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
सुरक्षा के लिए 200 AI कैमरों से निगरानी
संभावित भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। मैदान को 14 जोन में बांटकर निगरानी की जाएगी। खबरों के मुताबिक, करीब 200 AI आधारित कैमरों की मदद से भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका
रैली के कारण रविवार को मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जरूरत के अनुसार कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की तैयारी की है। इनमें दिल्ली गेट, ITO, राजघाट, अजमेरी गेट, मिंटो रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग जैसे इलाके शामिल हैं।
प्रशासन ने वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी है। रविवार को विपक्ष के इस बड़े प्रदर्शन के चलते दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मी के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ने की संभावना है।