मुंबई | बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। काबिल, मुंबई सागा और शूटआउट एट वडाला जैसी फिल्मों का निर्देशन करने वाले फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। निर्देशक के निधन की पुष्टि निर्माता-निर्देशक अशोक पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए की है।
अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
अशोक पंडित ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर संजय गुप्ता के निधन की जानकारी साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि संजय गुप्ता का निधन सिर में चोट लगने के कारण हुआ। अशोक पंडित ने अपने संदेश में उन्हें करीबी दोस्त और प्रतिभाशाली निर्देशक बताया। उन्होंने कहा कि संजय गुप्ता एक अच्छे कहानीकार और जुनूनी फिल्ममेकर थे। उनके जाने को उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान बताया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
फिल्म ‘आतिश’ से शुरू किया था निर्देशन का सफर
संजय गुप्ता ने साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म आतिश: फील द फायर से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म के एक्शन, संवाद और कहानी को दर्शकों ने पसंद किया था।
क्राइम और एक्शन फिल्मों से बनाई अलग पहचान
संजय गुप्ता ने अपने करियर में क्राइम ड्रामा और एक्शन थ्रिलर फिल्मों के जरिए बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई। उनकी चर्चित फिल्मों में जंग, कांटे, मुसाफिर, शूटआउट एट वडाला, मुंबई सागा, काबिल, जज्बा, खौफ और दस कहानियां जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने कई दशकों तक फिल्म निर्देशन में काम किया और खासतौर पर मुंबई अंडरवर्ल्ड तथा अपराध की दुनिया पर आधारित कहानियों को पर्दे पर उतारने के लिए पहचाने गए। उनके निधन से हिंदी फिल्म जगत ने एक अनुभवी निर्देशक को खो दिया है।