डिंडौरी | मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित रह गए किसानों के लिए राहत की खबर है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत अब किसान 4 नवंबर तक धान उपार्जन के लिए पंजीयन करा सकेंगे। जिले के शेष 848 पात्र किसानों को पंजीयन का एक और मौका दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले में अब तक करीब 82 प्रतिशत किसानों का पंजीयन पूरा हो चुका है। शेष पात्र किसानों को निर्धारित समय सीमा में पंजीयन कराने की सुविधा दी गई है, ताकि वे सरकारी खरीदी व्यवस्था के तहत अपनी धान बेच सकें।
आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य
खाद्य विभाग के निर्देशों के अनुसार, धान उपार्जन के लिए पंजीयन कराते समय आधार आधारित ई-केवाईसी कराना अनिवार्य होगा। वहीं, दिव्यांग किसानों को पंजीयन के दौरान अपना दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
केवल 848 पात्र किसानों का होगा पंजीयन
जिले में शेष 848 पात्र किसानों के पंजीयन का अवसर दिया गया है। निर्धारित संख्या से अधिक किसानों का पंजीयन मान्य नहीं होगा। इसलिए पात्र किसानों को समय सीमा का ध्यान रखते हुए जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
किसानों से 4 नवंबर तक पंजीयन कराने की अपील
प्रशासन की ओर से किसानों से अपील की गई है कि वे 4 नवंबर तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीयन करा लें। समय पर पंजीयन कराने से किसान खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।