नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 10 बजे नई दिल्ली के यशोभूमि में Semicon India 2026 का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे। तीन दिवसीय यह सम्मेलन और प्रदर्शनी 17 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है। इस वर्ष सेमीकॉन इंडिया की थीम ‘सिलिकॉन से सिस्टम तक: इकोसिस्टम का निर्माण’ रखी गई है। सम्मेलन में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र से जुड़ी भारतीय और वैश्विक कंपनियां, नीति निर्माता, निवेशक, शोधकर्ता, स्टार्टअप, शिक्षण संस्थान और छात्र हिस्सा लेंगे।
सहयोग, निवेश और नवाचार पर रहेगा फोकस
Semicon India 2026 का मुख्य उद्देश्य भारत में सेमीकंडक्टर क्षेत्र से जुड़े सहयोग, निवेश, नवाचार और प्रतिभा विकास को बढ़ावा देना है। सम्मेलन में विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम के समानांतर सत्रों में डिस्प्ले उद्योग की प्रगति, वैश्विक सहयोग और संयुक्त उपक्रमों को बढ़ावा देने से जुड़े विषय शामिल होंगे। इसके अलावा महिला नेतृत्व पर विशेष मंच और छह कंट्री राउंडटेबल भी आयोजित किए जाएंगे।
‘रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ दिखेगा सफर
इस बार सम्मेलन में सेमीकंडक्टर की पूरी मूल्य श्रृंखला को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें सेमीकंडक्टर सामग्री, उपकरण और चिप डिजाइन से लेकर चिप निर्माण, एडवांस पैकेजिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम तक की पूरी प्रक्रिया को समझाया जाएगा। कार्यक्रम में नया ‘रेत से सिलिकॉन से सिस्टम तक’ मूल्य श्रृंखला अनुभव भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके जरिए सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम में कच्चे माल से लेकर तैयार सिस्टम तक की यात्रा को प्रस्तुत किया जाएगा।
600 से ज्यादा कंपनियां लेंगी हिस्सा
Semicon India 2026 में 600 से अधिक कंपनियों के भाग लेने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, इस सम्मेलन और प्रदर्शनी में करीब 50 हजार आगंतुक पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम में:
- 52 देशों के प्रतिनिधि
- 400 से अधिक अधिकारी
- 150 से ज्यादा वक्ता
- वैश्विक और भारतीय सेमीकंडक्टर कंपनियां
- निवेशक, शोधकर्ता और स्टार्टअप
- शैक्षणिक संस्थान और छात्र
शामिल होंगे।
छह देशों के पवेलियन और 12 स्टेट बूथ
प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, नीदरलैंड, सिंगापुर और स्वीडन के छह कंट्री पवेलियन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 12 राज्यों के स्टेट बूथ भी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में स्टार्टअप पवेलियन, इनोवेशन शोकेस, स्टूडेंट हैकाथॉन और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पवेलियन भी शामिल होंगे। इन प्लेटफॉर्म के जरिए नए आइडिया, तकनीकी नवाचार और युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की भूमिका पर चर्चा
Semicon India 2026 को भारत के सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में उद्योग, सरकार, निवेशकों और शोध संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी के उद्घाटन भाषण में सेमीकंडक्टर निर्माण, तकनीकी आत्मनिर्भरता, निवेश और भारत में प्रतिभा विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।