रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश नहीं हुई, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सरायपाली और कटेकल्याण में 10-10 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं 19 सितंबर से बारिश का दायरा और तीव्रता बढ़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है।
फिलहाल कमजोर है मानसून की गतिविधि
मौसम विभाग के अनुसार इस समय छत्तीसगढ़ में मानसून ज्यादा सक्रिय नहीं है। पिछले 24 घंटे में कई जिले पूरी तरह सूखे रहे, जबकि कुछ स्थानों पर ही हल्की बारिश हुई।प्रदेश में मानसून सीजन के दौरान अब तक हुई कुल बारिश सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम बताई गई है। हालांकि आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।
19 सितंबर से बढ़ेगा बारिश का दायरा
अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से बारिश के वितरण और तीव्रता में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। ऐसे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और कुछ जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
आज भी कुछ जगहों पर बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी
17 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।अगले दो दिनों में भी कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। लोगों को मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, तापमान 34 डिग्री के आसपास
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।वहीं, बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।