रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन आज यानी 17 सितंबर को मनाया जा रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कहीं सेवा अभियान चलाया जाएगा तो कहीं दीप जलाकर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कार्यक्रम होंगे। प्रदेशभर में करीब 40 लाख दीये जलाने का अनुमान रखा गया है।
इन आयोजनों के चलते राजधानी रायपुर में शाम के समय यातायात प्रभावित हो सकता है। कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन की व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल के आसपास पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है।
रायपुर में 25 लाख दीयों से होगा ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम
राजधानी रायपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत मरीन ड्राइव में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां करीब 25 लाख दीये जलाए जाने हैं।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन शाम 7 बजे प्रस्तावित है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग प्लान जारी किया है।
बिलासपुर में 10 लाख दीप जलाने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस मैदान में भी बड़ा दीप आयोजन होगा। यहां आज यानी 17 सितंबर को 10 लाख आशीर्वाद के दीप जलाए जाएंगे।कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक और भाजपा पदाधिकारी शामिल होंगे।
भिलाई में बैकुंठधाम में जलेंगे एक लाख दीप
भिलाई में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भाजपा जिला भिलाई की ओर से बैकुंठधाम में शाम 7 बजे एक लाख दीप जलाने की तैयारी है।
रायपुर में ट्रैफिक पर रहेगा असर
रायपुर के मरीन ड्राइव में प्रस्तावित बड़े आयोजन को देखते हुए शाम के समय आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था जारी की है।कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों से निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।