नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भी रक्तदान किया। भाजपा मुख्यालय में इस मौके पर नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया। नितिन नवीन ने बैठकर पूरा नाटक देखा और कलाकारों की हौसला अफजाई की।
‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत
पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जा रहा है और इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से हजारों भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा की पूजा का दिन होने के साथ-साथ आधुनिक भारत के वास्तुकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। इस अवसर पर देशवासी मिलकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना कर रहे हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर देशभर में लोग ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के स्नेह और शुभकामनाओं को व्यक्त करने का माध्यम है। नितिन नवीन के मुताबिक, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बदलाव का दावा
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव केवल लोगों के जीवन स्तर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे लाखों भारतीयों की सोच और मानसिकता में भी परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देशवासी उनके लंबे जीवन और निरंतर सफलता की कामना कर रहे हैं, ताकि भारत वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना सके।
पीएम मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
इससे पहले नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री की सार्वजनिक सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उल्लेख किया। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा केवल किसी एक व्यक्ति की यात्रा नहीं है, बल्कि यह देशवासियों के सामूहिक सपनों को दिशा देने वाली यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान बना रहा है।
उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्र प्रथम के संकल्प, सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा की ओर से देशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।