इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके दौरे का प्रस्तावित कार्यक्रम छह घंटे से ज्यादा का है। राहुल गांधी दोपहर 1:45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और रात करीब 9 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
होटल रेडिसन में ठहरेंगे राहुल गांधी
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राहुल गांधी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सीधे रिंग रोड स्थित होटल रेडिसन जाएंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे वे रीजनल पार्क के सामने स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। राहुल गांधी शाम 5:30 बजे से रात 8:30 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे सीधे एयरपोर्ट रवाना होंगे और रात करीब 9 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
राहुल गांधी के रूट को लेकर सहमति नहीं
राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस नेताओं और प्रशासन के बीच रूट को लेकर अभी सहमति नहीं बन पाई है। बुधवार शाम कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस नेताओं और पुलिस अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने प्रस्ताव रखा कि राहुल गांधी होटल से कार्यक्रम स्थल तक विजय नगर, एमआर-10 और सुपर कॉरिडोर होते हुए पहुंचेंगे। इसके बाद वे रीजनल पार्क के सामने स्थित आयोजन स्थल जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने इस रूट पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि रीजनल पार्क जाने के लिए रिंग रोड या एबी रोड से सीधा रास्ता उपलब्ध है। वहीं, पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रूट पर जोर देते रहे। बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि राहुल गांधी के लिए अब एबी रोड का रास्ता तय किया गया है। हालांकि, अंतिम रूट को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी महत्वपूर्ण रहेगी।
आयोजन स्थल पर कांग्रेस को करनी होगी व्यवस्थाएं
इससे पहले इंदौर एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं, दिल्ली से आई राहुल गांधी की टीम और सीआरपीएफ अधिकारियों के बीच बैठक हुई। बैठक में कार्यक्रम की सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे से कहा कि आयोजन स्थल पर जरूरी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस को संभालनी होगी।
इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- अग्निशमन व्यवस्था
- एंबुलेंस की उपलब्धता
- डॉक्टर और मेडिकल टीम
- आपात स्थिति के लिए मेडिकल सहायता
- कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम
- कांग्रेस नेताओं को कार्यक्रम के दौरान भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर भी तैयारी करनी होगी।
15 हजार से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां राहुल गांधी की आवाजाही, कार्यक्रम स्थल और एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले रास्तों की समीक्षा कर रही हैं। राहुल गांधी के दौरे के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव भी किया जा सकता है। अंतिम रूट और ट्रैफिक प्लान प्रशासन की बैठक के बाद स्पष्ट होगा।