भोपाल/उज्जैन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा-संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रदेशभर के जिलों और 845 आइकॉनिक प्लेस पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम के तहत कुल 3 करोड़ 55 लाख दीये जलाए गए।
उज्जैन में इस आयोजन का सबसे बड़ा केंद्र रहा, जहां शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों और महाकाल महालोक में 33 लाख 27 हजार दीये एक साथ प्रज्ज्वलित किए गए। आयोजन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
शिप्रा तट से महाकाल महालोक तक जगमगाया उज्जैन
उज्जैन में शाम 7 बजे सायरन बजते ही दीप प्रज्ज्वलन शुरू हुआ। रामघाट, दत्त अखाड़ा, केदारेश्वर घाट, सुनहरी घाट और भूखी माता घाट समेत शिप्रा नदी के विभिन्न घाटों पर एक साथ दीये जलाए गए।इसके साथ ही महाकाल महालोक में भी दीपोत्सव आयोजित किया गया। लाखों दीपों की रोशनी से शिप्रा के घाट और आसपास का क्षेत्र जगमगा उठा।
CM डॉ.मोहन यादव और बीजेपी नेताओं ने किया दीप प्रज्ज्वलन
रामघाट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी ने उज्जैनवासियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए।इससे पहले सभी प्रमुख अतिथि शिप्रा आरती में शामिल हुए और मां शिप्रा की आराधना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
25 हजार से ज्यादा वॉलंटियर्स हुए शामिल
आयोजन में 25 हजार से अधिक वॉलंटियर्स के साथ श्रद्धालु और नागरिक शामिल हुए। सायरन बजने के साथ ही सभी ने एक साथ दीप जलाना शुरू किया।आयोजकों के अनुसार, उज्जैन में 33 लाख 27 हजार दीपों के एक साथ प्रज्ज्वलन के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाया गया।
845 आइकॉनिक प्लेस पर हुआ दीप प्रज्ज्वलन
मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों में प्रमुख और आइकॉनिक स्थानों पर भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के कुल 845 आइकॉनिक प्लेस पर बड़ी संख्या में दीये जलाए गए।इनमें ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, इंदौर, बड़वानी, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, उज्जैन, नीमच, देवास, शाजापुर, आगर, रतलाम और मंदसौर सहित कई जिले शामिल रहे।
भोपाल से लेकर मालवा और बुंदेलखंड तक दीपोत्सव
राजधानी भोपाल समेत सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जैसे जिलों के आइकॉनिक स्थानों पर भी दीप जलाए गए।वहीं रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और मंडला में भी दीप प्रज्ज्वलन हुआ।मध्यप्रदेश में सेवा-संकल्प अभियान की शुरुआत के साथ हुए इस दीपोत्सव में धार्मिक स्थलों, घाटों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की।