भारत में बच्चों के पासपोर्ट से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। विदेश मंत्रालय की ओर से अधिसूचित पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 के तहत अब 15 साल से कम उम्र के बच्चों को जारी होने वाला साधारण पासपोर्ट पांच साल या बच्चे के 18 साल का होने तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा। नए नियम भारत के राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ ही लागू हो गए हैं। इसके अलावा पासपोर्ट आवेदन और तत्काल सेवा से जुड़ी फीस में भी बदलाव किया गया है।
15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नया नियम
संशोधित नियम 12(1ए) के अनुसार, 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी किया गया 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल तक वैध रहेगा। हालांकि, यदि बच्चा इस अवधि से पहले 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैधता उसी समय समाप्त मानी जाएगी। यानी पासपोर्ट की वैधता पांच साल या 18 साल की उम्र पूरी होने तक होगी—इन दोनों में जो पहले आएगा, वही लागू होगा।
पासपोर्ट आवेदन शुल्क के नियम में भी बदलाव
15 सितंबर को जारी अधिसूचना में पासपोर्ट आवेदन शुल्क से जुड़े नियम 8 में भी संशोधन किया गया है। इसके तहत प्रत्येक श्रेणी के आवेदन के लिए देय शुल्क पासपोर्ट नियमों की अनुसूची IV में निर्धारित राशि के अनुसार होगा। संशोधित नियम राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से प्रभावी हो गए हैं।
1 जुलाई से बढ़ चुकी है पासपोर्ट फीस
विदेश मंत्रालय ने 1 जुलाई से पासपोर्ट से जुड़ी कई सेवाओं की फीस में बढ़ोतरी की थी। इसमें नए पासपोर्ट आवेदन, नवीनीकरण, तत्काल सेवा, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले नया पासपोर्ट और पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट यानी PCC जैसी सेवाएं शामिल हैं। हालांकि, आठ साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के नए पासपोर्ट आवेदन पर 10 प्रतिशत की छूट जारी रहेगी। यह छूट पासपोर्ट के पुनः जारी यानी री-इश्यू आवेदन पर लागू नहीं होगी।
वयस्कों के पासपोर्ट की नई फीस
36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट के नए आवेदन या सामान्य नवीनीकरण की फीस 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दी गई है। वहीं, 60 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 2,000 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हो गई है।
तत्काल पासपोर्ट की फीस
तत्काल योजना के तहत 36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये से बढ़ाकर 5,000 रुपये कर दी गई है। वहीं, 60 पन्नों वाले पासपोर्ट के लिए तत्काल शुल्क 4,000 रुपये से बढ़कर 6,000 रुपये हो गया है। तत्काल श्रेणी में 60 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट के रिप्लेसमेंट की फीस भी 5,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये कर दी गई है।
नाबालिगों के पासपोर्ट भी हुए महंगे
- 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पासपोर्ट सेवाओं की फीस में भी इजाफा किया गया है।
- 36 पन्नों वाला नया या री-इश्यू पासपोर्ट (सामान्य): 1,000 रुपये से बढ़कर 1,750 रुपये
- 36 पन्नों वाला तत्काल पासपोर्ट: 3,000 रुपये से बढ़कर 4,250 रुपये
इस बदलाव के बाद बच्चों का पासपोर्ट बनवाने वाले अभिभावकों को आवेदन की श्रेणी और बच्चे की उम्र के आधार पर नई फीस का भुगतान करना होगा।
अभिभावकों के लिए जरूरी बात
15 साल से कम उम्र के बच्चे का पासपोर्ट बनवाते समय उसकी वैधता का ध्यान रखना जरूरी होगा। यदि बच्चा पांच साल की अवधि से पहले 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैधता 18 साल की उम्र पूरी होने पर समाप्त हो जाएगी। इसलिए विदेश यात्रा की योजना बनाने से पहले पासपोर्ट की वैधता जरूर जांच लें।