मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। जबलपुर में वे जनजातीय समाज से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही गोंड शासक अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री दिल्ली में आयोजित सेमीकॉन इंडिया 2026 कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यहां वे स्वीडिश और जापानी प्रतिनिधिमंडलों के साथ वन-टू-वन बैठक कर मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
सुबह 11:10 बजे इंदौर से जबलपुर रवाना होंगे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11:10 बजे इंदौर से जबलपुर के लिए रवाना होंगे। जबलपुर पहुंचने के बाद वे सबसे पहले अमर शहीद राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री संग्रहालय का दौरा करेंगे। वे सुभाष चंद्र बोस कल्चरल एंड इनफॉरमेशन सेंटर में आयोजित बलिदान दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
रक्तदान शिविर में भी लेंगे हिस्सा
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में भी भाग लेंगे। यह कार्यक्रम जनजातीय समाज और स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों की स्मृति को समर्पित रहेगा। राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह को अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष और बलिदान के लिए याद किया जाता है। उनके बलिदान दिवस पर हर साल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया 2026 कार्यक्रम में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री का दिल्ली दौरा भी प्रस्तावित है। वे सेमीकॉन इंडिया 2026 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान स्वीडिश और जापानी प्रतिनिधिमंडलों के साथ उनकी वन-टू-वन बैठक होगी। बैठकों में मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और संभावित समझौतों को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश का राज्य पवेलियन भी देखेंगे
सेमीकॉन इंडिया 2026 में मध्य प्रदेश राज्य साझेदार के रूप में भाग ले रहा है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के राज्य पवेलियन का भ्रमण भी करेंगे। इस दौरान प्रदेश में सेमीकंडक्टर सेक्टर, निवेश के अवसरों और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री की बैठकों को मध्य प्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है।