दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने एक बार फिर दिल्ली की अतिशी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बीजेपी नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि, दिल्ली की यमुना नदी में सीवर का गंदा पानी सीधा गिर रहा है। नलों में गंदा पानी आ रहा है, सड़कें टूटी पड़ी है। हमारी दिल्ली सरकार से मांग है कि तुरंत दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाए।
जहरीली हवा में लोग सांस लेने के लिए मजबूर हैं
नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने हमला बोलते हुए कहा कि, प्रदूषण की स्थिति बद् से बद्तर हो रही है। जहरीली हवा में लोग सांस लेने के लिए मजबूर हैं। आज सरकार कटघरे में है। सरकार लोगों के सवालों और उनकी समस्या से भाग रही है। 31 अक्टूबर तक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि, सड़कें ठीक हो जाएंगी लेकिन आज तक सड़कों का बुरा हाल है। उन्होंने आगे कहा कि, AAP की सरकार नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ जो धोखा कर रही है उसके खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर है।
सीवर का 101 एमएलडी पानी यमुना में जा रहा है
दरअसल, विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को यमुना में गिर रहे सीवरों के पानी का जायजा लेने के लिए गांधीनगर, शास्त्री पार्क, आईटीओ क्रॉसिंग और चिल्ला के 'सिवर आउट फॉल्स' का दौरा किया, जहां से प्रदूषित पानी सीधा यमुना नदी में जा रहा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में कॉलोनियों के सीवरों का गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट किए ही यमुना नदी में जा रहा है। कुछ जगह पर दिल्ली सरकार ने जो एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) लगा रखे हैं, उनकी क्षमता इतनी कम है कि वह सारा गंदा पानी ट्रीट ही नहीं कर पा रहे हैं। जैसे चिल्ला में सीवर के पानी को ट्रीट करने के लिए केवल नौ एमएलडी की क्षमता वाला प्लांट लगाया गया है, जबकि वहां से सीवर का 101 एमएलडी पानी यमुना में जा रहा है।