धर्मशाला - हिमाचल में मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ भी तपने लगे हैं। आशंका है कि प्रदेश के कुछ इलाकों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच जाए। मौसम विभाग ने 16 व 17 मई को चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर की गति से आंधी चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि अधिकतर स्थानों पर मौसम साफ रहने का अनुमान है।
ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश की संभावना
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है, साथ ही 18 मई के बाद राज्य भर में लंबे समय तक सूखे और बढ़ते तापमान की चेतावनी भी दी है। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए, आईएमडी प्रमुख शोभित कटियार ने कहा कि अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में कोई बड़ी मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं है, हालांकि चंबा, लाहौल-स्पीति और कुल्लू सहित ऊंचे पहाड़ी जिलों में छिटपुट हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान में वृद्धि का अनुमान
मौसम विभाग ने 17 मई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले मैच पर मौसम का असर नहीं रहने की संभावना जताई है। मौसम साफ होने से आने वाले दिनों में मैदानों के साथ पहाड़ भी तपेंगे और तापमान में वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। शुक्रवार को धूप और बादलों के बीच दिन के तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट शिमला के कुफरी में 2.9, केलंग में 2.8, बिलासपुर के बरठीं, कल्पा और शिमला में 1.7 डिग्री सेल्सियस की आई है।
ऊना में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में 11 स्थानों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। आंधी, ओलावृष्टि और ऊंची चोटियों में हिमपात के बाद तापमान में गिरावट आई थी। उधर, पांच महीने बाद पर्यटकों के लिए खुले 13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा में शुक्रवार को काफी पर्यटक पहुंचे। हालांकि, अभी वाहन रोहतांग से दो किलोमीटर पहले तक ही पहुंच पा रहे हैं। दर्रे की वादियां पर्यटकों से चहक उठी हैं। पर्यटकों ने यहां खूब मस्ती की। दर्रा खुलने के बाद कुल्लू-मनाली में भी पर्यटक बढ़ने लगे हैं। सप्ताहांत के कारण मनाली में काफी पर्यटक पहुंचे हैं।