देश के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण रुद्रप्रयाग, चमोली समेत कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे पर लगातार पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हुआ है और कई वाहन रास्ते में फंस गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केदारनाथ यात्रा फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दी गई है।
मुंबई में मूसलाधार बारिश
महाराष्ट्र में भी बारिश का दौर जारी है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई में पिछले 24 घंटे के दौरान 172 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मध्यप्रदेश के इंदौर में तेज बारिश के दौरान एक कार नाले में जा गिरी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील की है। इसी बीच, मुंबई के साकीनाका इलाके में एक व्यक्ति की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई।
उधर, मानसून ने गुरुवार को निर्धारित समय से 7 दिन की देरी से राजस्थान और 5 दिन की देरी से दिल्ली में दस्तक दी। दिल्ली में सुबह से लगातार बारिश हो रही है, जबकि राजस्थान के जयपुर, दौसा समेत 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
3 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना है।
बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। मध्यप्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु सहित कई राज्यों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
राजस्थान में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है।
4 जुलाई का मौसम पूर्वानुमान
आंध्रप्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश होने की संभावना है।
सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार पांचवें दिन हीटवेव का अलर्ट बना हुआ है।