भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब सहित 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है। कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
कई राज्यों में ओलावृष्टि और तूफान की चेतावनी
IMD ने उत्तर भारत के कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पंजाब के 6 जिलों में अलर्ट जारी
पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, फाजिल्का, अमृतसर, होशियारपुर और मुक्तसर जिलों में बिजली चमकने के साथ तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 16 मई से 20 मई तक पंजाब के कई हिस्सों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में फिर बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-NCR में शुक्रवार को मौसम सुहावना रहा, लेकिन मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना जताई है। शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 17 मई को यह 42 डिग्री तक जा सकता है। मौसम विभाग ने आंशिक बादल, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी जताई है।