साबरमती। देश में रेलवे परिवहन को अधिक ईंधन-कुशल और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नई पहल शुरू होने जा रही है। देश की पहली LNG-डीजल डुअल-फ्यूल ट्रेन रविवार से पटरी पर दौड़ने लगेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह गुजरात के साबरमती में ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
डीजल की खपत में करीब 40% कमी का अनुमान
रेलवे के मुताबिक, LNG-डीजल दोहरे ईंधन वाली प्रणाली से डीजल की खपत में करीब 40% तक कमी आने की उम्मीद है। इससे ईंधन लागत कम होने के साथ कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और पार्टिकुलेट मैटर के उत्सर्जन में भी कमी आने की संभावना है।साबरमती इंटीग्रेटेड कोचिंग डिपो की 1,400-1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो ड्राइविंग पावर कारों को LNG-डीजल डुअल-फ्यूल प्रणाली में बदला गया है। इनका इस्तेमाल आठ कोच वाली ट्रेन के संचालन में किया जाएगा।
हर इंजन से 11.9 लाख रुपये सालाना बचत का अनुमान
रेलवे के अनुसार, LNG के इस्तेमाल से डीजल की तुलना में ईंधन लागत कम हो सकती है। प्रत्येक इंजन से सालाना करीब 11.9 लाख रुपये की बचत का अनुमान है। दो इंजनों के स्तर पर यह राशि करीब 23.9 लाख रुपये सालाना बैठती है।LNG आधारित परिचालन से कार्बन उत्सर्जन के साथ नाइट्रोजन ऑक्साइड और अन्य प्रदूषकों के उत्सर्जन में भी कमी आने की उम्मीद है।
LNG नहीं मिले तो डीजल से चलेगी ट्रेन
डुअल-फ्यूल सिस्टम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि पारंपरिक डीजल इंजन की शक्ति और परिचालन क्षमता बरकरार रहे। इंजन LNG और डीजल दोनों ईंधनों पर चल सकता है और जरूरत के अनुसार दोनों के बीच स्विच किया जा सकेगा।किसी स्थान पर LNG उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में ट्रेन को डीजल पर चलाया जा सकेगा। इससे ईंधन उपलब्धता के कारण लंबी दूरी के परिचालन में रुकावट की संभावना कम हो सकती है।
1,542 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं भी
अमित शाह साबरमती में 1,542 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न रेल परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे। इनमें करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार WAG-12 इंजन रखरखाव शेड का उद्घाटन शामिल है।
2,000 किलोमीटर तक हुआ परीक्षण
परियोजना के तहत दो इंजनों को डीजल और LNG दोनों ईंधनों से चलने के लिए परिवर्तित किया गया है। रेलवे के अनुसार, इन इंजनों का करीब 2,000 किलोमीटर तक सफल परीक्षण किया जा चुका है। परीक्षण के दौरान तकनीक की क्षमता, विश्वसनीयता और परिचालन प्रदर्शन की जांच की गई।