भोपाल।मध्यप्रदेश में मानसून की विदाई से पहले बारिश का दौर तेज हो गया है। जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग में पिछले 72 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। कई नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि बरगी, जोहिला और बिलगांव डैम के गेट खोलकर पानी की निकासी करनी पड़ी।रविवार को मौसम विभाग ने मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना और रीवा में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।
MP में अब तक 35.6 इंच बारिश
मौसम केंद्र के मुताबिक मध्यप्रदेश में अब तक औसतन 35.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। यह सामान्य बारिश के कोटे की 95% से ज्यादा है। मानसून के अगले चार दिनों में भी बारिश जारी रहने पर कुल आंकड़ा और बढ़ सकता है।हालांकि, प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य नहीं है। अब तक 25 जिलों में सामान्य बारिश का कोटा पूरा हुआ है, जबकि 30 जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
रविवार को भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास और रतलाम में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।इसके अलावा नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना और दमोह में भी बारिश होने का अनुमान है।
डिंडौरी-उमरिया में तीन दिन से मूसलाधार बारिश
डिंडौरी और उमरिया में पिछले तीन दिनों से तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण नर्मदा समेत सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।डिंडौरी के जोगी टिकरिया पुल के डूबने से जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे-45 पर यातायात प्रभावित हुआ। वहीं शहपुरा स्थित बिलगांव बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा गया।
जोहिला और बरगी डैम के गेट खोले गए
उमरिया के संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के चार गेट दो-दो मीटर खोलकर पानी छोड़ा गया। वहीं जबलपुर के बरगी बांध में पानी की लगातार आवक के कारण शुक्रवार को पांच गेट खोले गए थे। पानी की आवक जारी रहने पर शनिवार को चार और गेट खोल दिए गए।