छतरपुर जिले में कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को बोलेरो और तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
चौका गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा
हादसा मातगुवां थाना क्षेत्र के चौका गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार लोग बिजावर से बगौता में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में तीन महिलाओं और दो पुरुषों की जान गई है। बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार के थे और बिजावर क्षेत्र के रहने वाले थे।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने ट्रक और बोलेरो कब्जे में लिए
हादसे की सूचना मिलते ही मातगुवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया।ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।