भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर (SI) और सूबेदार तक के 18,834 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय ने चयन प्रक्रिया को अप्रैल-मई तक अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा है। इस महाभर्ती अभियान में वर्ष 2025 और वर्ष 2026 की भर्तियों के पद शामिल हैं।
दो चरणों में होगी भर्ती
पुलिस विभाग की इस भर्ती में कुल 18,834 पद शामिल हैं। इनमें पहले चरण में वर्ष 2025 की भर्ती के 8,500 पद, जबकि दूसरे चरण में वर्ष 2026 की भर्ती के 10,334 पद शामिल किए गए हैं। वर्ष 2025 में शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम 2026 के अंत तक घोषित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
लिखित परीक्षा के बाद होगा फिजिकल टेस्ट
पुलिस भर्ती शाखा फिलहाल मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MP ESB) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रही है। परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) की तैयारियां शुरू की जाएंगी। भर्ती योजना के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए फिजिकल टेस्ट फरवरी में आयोजित किए जाने हैं। इसके बाद मेरिट लिस्ट तैयार कर चयनित अभ्यर्थियों को अप्रैल-मई तक नियुक्ति देने का लक्ष्य है।
पहले चरण में 8,500 पद
वर्ष 2025 की भर्ती में कुल 8,500 पद शामिल हैं। इनमें:
- आरक्षक (Constable): 7,500 पद
- सूबेदार/सब-इंस्पेक्टर (SI): 500 पद
- सूबेदार (मिनिस्ट्रियल)/ASI (M): 500 पद
- दूसरे चरण में 10,334 पद
वर्ष 2026 की भर्ती के दूसरे चरण में कुल 10,334 पद शामिल हैं। इनमें:
- आरक्षक (Constable): 7,500 पद
- सूबेदार/सब-इंस्पेक्टर (SI): 507 पद
- सूबेदार (मिनिस्ट्रियल)/ASI (M): 655 पद
- वाहन चालक (Driver): 1,000 पद
- पुलिस बैंड कैडर: लगभग 672 पद
भर्ती प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की तैयारी
पुलिस मुख्यालय की ओर से भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की तैयारी की जा रही है। लिखित परीक्षा के परिणाम आने के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेरिट और अन्य चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस भर्ती अभियान के पूरा होने के बाद मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ी संख्या में नए पुलिसकर्मियों और अन्य पदों पर नियुक्तियां होंगी।