रायपुर।छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान कई जगह बारिश हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। IMD ने 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई थी।
जगदलपुर में 246.3 मिमी बारिश
बारिश के आंकड़ों के मुताबिक जगदलपुर में 246.3 मिमी, राजनांदगांव में 87 मिमी, लालपुर रायपुर में 77.3 मिमी, माना एयरपोर्ट में 69.4 मिमी और दुर्ग में 49.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। दक्षिण और मध्य हिस्सों में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिला।
26 सितंबर को बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
26 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। तेज हवाओं के चलने की भी संभावना है।IMD के अनुसार 26 और 27 सितंबर को छत्तीसगढ़ में गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि 28 सितंबर से किसी विशेष मौसम चेतावनी का उल्लेख नहीं है।
26 सितंबर को सभी स्कूलों में अवकाश
भारी बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। अभिभावकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।
CM साय ने कलेक्टरों को दिए राहत-बचाव के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित कलेक्टरों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी रखने तथा जरूरतमंद लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने को कहा गया है। खतरे की स्थिति में लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत दलों को भोजन, पेयजल, दवाइयों और आश्रय जैसी जरूरी व्यवस्थाओं के साथ तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जलभराव वाले रास्तों, पुल-पुलियों, तेज बहाव वाले क्षेत्रों और उफनते नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। मौसम खराब होने की स्थिति में स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
27 सितंबर से बारिश में कमी के संकेत
27 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद बारिश की तीव्रता और क्षेत्र में इसके फैलाव में कमी आने के संकेत हैं। IMD के विस्तारित चेतावनी पूर्वानुमान में 28 सितंबर से छत्तीसगढ़ के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है।