जयपुर।राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात अर्नब का असर आज से प्रदेश में दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 सितंबर तक चक्रवाती सिस्टम के साथ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय रह सकता है, जिसके चलते जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है।
27 सितंबर को 10 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 सितंबर को राजस्थान के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी जिलों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
पूर्वी राजस्थान में 5 डिग्री तक गिरा तापमान
शुक्रवार को अलवर, भरतपुर, धौलपुर और करौली के इलाकों में तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई। अलवर में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।अन्य प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान अजमेर में 35.2, भीलवाड़ा में 35, चूरू में 37.4, करौली में 28.9, प्रतापगढ़ में 32.7, टोंक में 32.7, सीकर में 35.2, कोटा में 32.3 और गंगानगर में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर
तापमान में गिरावट के बावजूद पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना हुआ है। यहां कई जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों के बीच तापमान में और बदलाव देखने को मिल सकता है।