नई दिल्ली | देश के कई हिस्सों में इन दिनों मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। सितंबर के आखिरी सप्ताह में भी मौसम के तेवर नरम पड़ते नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे में कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है। वहीं, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इन दोनों मौसमी सिस्टम के प्रभाव से देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी और कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
यूपी से झारखंड तक भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में आज गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है। अगले दिन दोनों हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
बिहार में पिछले दो दिनों से बारिश का दौर बना हुआ है। आज बिहार और झारखंड में कई इलाकों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने की स्थिति भी बन सकती है।
दिल्ली में आज और कल बारिश के आसार
राजधानी दिल्ली में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कल भी दिल्ली में मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 28 सितंबर को हल्की बारिश के आसार हैं। बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों और बिजली के खंभों के आसपास सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
पंजाब-हरियाणा में तेज हवाओं के साथ बारिश
पंजाब में आज और कल गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान कई इलाकों में बारिश भी होने की संभावना है। हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज और कल व्यापक बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में आज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश
मध्य प्रदेश में आज भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में कल बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां 28 सितंबर तक बारिश देखने को मिल सकती है।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी झमाझम बारिश
दक्षिण ओडिशा और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर बने डिप्रेशन का असर ओडिशा समेत आसपास के राज्यों में दिखाई दे रहा है। ओडिशा में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी आज कई स्थानों पर व्यापक बारिश हो सकती है। डिप्रेशन के कमजोर होने के बावजूद इसके प्रभाव से आसपास के इलाकों में बारिश का दौर बना रह सकता है।
पूर्वोत्तर राज्यों में 1 अक्टूबर तक बारिश
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम और मेघालय में 1 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। आज पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम रहेगा तल्ख
उत्तराखंड में आज से 28 सितंबर के दौरान व्यापक बारिश की संभावना है। आज और कल कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश भी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अनुमान है, जबकि कल कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। 28 सितंबर को भी राज्य में व्यापक बारिश की संभावना बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर में भी आज मौसम का मिजाज तल्ख रह सकता है और कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है।
कई मौसमी सिस्टम से बढ़ी बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस समय बारिश की गतिविधियों को प्रभावित कर रहे हैं। एक सिस्टम के कमजोर होने के बाद भी इसके अवशेषों और अन्य मौसमी परिस्थितियों के कारण कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है।