भोपाल डेस्क। कांगो में शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को बड़ा विमान हादसा हुआ। दक्षिण-पश्चिमी किकविट से राजधानी किंशासा लौट रहा विमान केन्गे में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। मृतकों में सेना के दो वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।
दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की मौत
कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल एफोमी एकेन्गे के मुताबिक, हादसे में मिलिट्री कोर्ट के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कतालयी टिएंडे और सशस्त्र बलों के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल बाकुमी लिकुलिया की भी मौत हो गई।सेना के अनुसार, दोनों अधिकारी एक प्रतिनिधिमंडल के साथ यात्रा कर रहे थे।
तकनीकी खराबी के बाद लौट रहा था विमान
विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद वह किकविट से किंशासा की ओर वापस लौट रहा था। इसी दौरान केन्गे में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई।सेना के प्रवक्ता ने बताया कि दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य और विमान के क्रू मेंबर भी हादसे में मारे गए।
हादसे की वजह की जांच शुरू
दुर्घटना के बाद कांगो की सेना ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सिविल एविएशन अथॉरिटी के बोर्ड के चेयरमैन ट्राइफॉन किन-किये मुलुम्बा ने भी कहा कि फिलहाल दुर्घटना की सही वजह स्पष्ट नहीं है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।