मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर जारी है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों में अगले 48 घंटे तक तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार शनिवार को जबलपुर-रीवा समेत 18 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए सतना और मैहर में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
सतना और मैहर में स्कूल बंद
मूसलधार बारिश की चेतावनी के मद्देनजर शनिवार को सतना में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक और मैहर में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।प्रशासन ने बारिश की स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
अगले 24 घंटे में भिंड, दतिया, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, मंडला और डिंडौरी में भारी बारिश हो सकती है।वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
अगले 48 घंटे अहम
सितंबर के अंतिम सप्ताह में मध्यप्रदेश में मौसम फिर सक्रिय हुआ है। गहरे अवदाब की तीव्रता कम हो रही है, लेकिन इसकी उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में गति और इससे जुड़ी नमी पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर बनाए रखने के लिए पर्याप्त है।उन्होंने अगले 48 घंटे को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन, किसानों और आम नागरिकों से स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है। नदी-नालों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों में अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की गई है।
मानसून की विदाई नजदीक
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का सामान्य समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है। अब मानसून की विदाई में करीब पांच दिन बाकी हैं। आने वाले दिनों में प्रदेश से मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। राजस्थान के कई जिलों से मानसून लौट चुका है।
सामान्य से 2.2 इंच कम बारिश
IMD के आंकड़ों के अनुसार मध्यप्रदेश में अब तक 880.5 मिमी यानी 34.7 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश 937.9 मिमी यानी 36.9 इंच से करीब 2.2 इंच कम है।प्रदेश में कुल मिलाकर बारिश सामान्य से करीब 6% कम है। पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य के आसपास है, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से करीब 11% कम बारिश दर्ज की गई है।
23 जिलों में औसत से ज्यादा बारिश
इस सीजन में अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।इसके विपरीत कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश है। हालांकि पिछले एक सप्ताह में बारिश के आंकड़ों में सुधार हुआ है।