बालोद: बालोद जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा पुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम मरकाटोला के पास करीब दोपहर 12 बजे हुआ। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी छह घायलों को एंबुलेंस की मदद से धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
धुमाल पार्टी के सदस्य थे पिकअप में सवार लोग
पुलिस के अनुसार पिकअप में सवार सभी लोग धुमाल पार्टी के सदस्य थे। वे कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहे थे। मरकाटोला घाटी के पास वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।स्थानीय लोगों और पुलिस ने पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
दो घायलों की हालत गंभीर, रायपुर रेफर
घायलों को धमतरी जिला अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। छह घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि चार अन्य घायलों का इलाज धमतरी जिला अस्पताल में जारी है।
मृतकों की शिनाख्त की कोशिश जारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस मृतकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।