भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 27 सितंबर को प्रसारित होने वाले कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश भाजपा ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अलग-अलग स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे।
उज्जैन में CM डॉ.मोहन यादव सुनेंगे ‘मन की बात’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 सितंबर को सुबह 11 बजे उज्जैन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहेंगे।
भोपाल में कुली भाइयों के साथ कार्यक्रम सुनेंगे हेमंत खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल भोपाल के मध्य विधानसभा क्षेत्र के अरेरा मंडल स्थित बूथ क्रमांक 176 पर ‘मन की बात’ सुनेंगे। यह कार्यक्रम रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के कुली भाइयों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ आयोजित किया जाएगा।
हर बूथ पर ‘मन की बात’ सुनने की तैयारी
भाजपा की ओर से प्रदेशभर के बूथों पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण की तैयारी की गई है। पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को सुनेंगे।
भाजपा का उद्देश्य ‘मन की बात’ के माध्यम से बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।