भोपाल डेस्क। अगर बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम पेंडिंग है तो उसे आज यानी रविवार, 27 सितंबर को निपटाया जा सकता है। देशभर में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है।
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियनों की प्रमुख मांगों में 5-डे बैंकिंग लागू करना शामिल है। UFBU के मुताबिक, उसके दायरे में करीब 90 फीसदी बैंकिंग कर्मचारी आते हैं। हड़ताल के दौरान खासतौर पर शाखाओं से जुड़े कामकाज प्रभावित हो सकते हैं। इनमें कैश जमा-निकासी, चेक क्लियरेंस और अन्य ब्रांच-आधारित सेवाएं शामिल हैं। हालांकि UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं जारी रहने की उम्मीद है।
रविवार को क्यों खोले जा रहे हैं बैंक?
26 सितंबर को शनिवार की छुट्टी और उसके बाद 27 सितंबर को रविवार होने के कारण हड़ताल के तीन दिन मिलाकर बैंक शाखाओं की सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं। इसी वजह से सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का फैसला लिया। RBI ने भी इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-linked branches और currency chests के संचालन को मंजूरी दी है।
ATM और डिजिटल बैंकिंग का क्या होगा?
हड़ताल के दौरान ATM सेवाएं चालू रखने के लिए सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। SBI समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी लेन-देन पहले पूरा करने और जरूरत पड़ने पर ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
5-डे बैंकिंग की मांग पर विवाद
बैंक यूनियनों की 5-डे बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है। यूनियनों का कहना है कि सभी शनिवार को छुट्टी देने की व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। दूसरी ओर, सरकार की ओर से कहा गया है कि इस मांग पर अभी अंतिम समयसीमा तय नहीं हुई है।सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील की है। फिलहाल 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का कार्यक्रम घोषित है।