भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर, शनिवार को भोपाल आ सकते हैं। भेल दशहरा मैदान में पशुपालकों का सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें मध्यप्रदेश और गुजरात समेत चार राज्यों के सहकारिता मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।
पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों का सम्मेलन
सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण एवं कृषि विकास वर्ष के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में पशुपालकों का सम्मेलन आयोजित किया जाना है। इसमें बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों के शामिल होने की संभावना है।कार्यक्रम के दौरान स्टेट फूड सेंट्रल लैब और फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी का शुभारंभ भी प्रस्तावित है। फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी में दूध, दही, छाछ समेत अन्य डेयरी उत्पाद मशीनों से तैयार किए जाएंगे। अभी इन उत्पादों को बनाने में अधिकतर काम हाथ से किया जाता है।
पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक भी संभव
भोपाल दौरे के दौरान अमित शाह पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। इसमें सेवा संकल्प अभियान, पार्टी के अन्य कार्यक्रम और संगठन को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है।इसके अलावा आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी बैठक की तैयारी है।
इधर, नए आपराधिक कानूनों से संबंधित प्रदर्शनी की तैयारियां भी की जा रही हैं। स्पेशल डीजी (सीआईडी) पंकज श्रीवास्तव ने शनिवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।प्रदर्शनी का उद्देश्य आम नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों और अपराध की घटना से लेकर न्याय मिलने तक की पूरी प्रक्रिया को सरल, सहज और रोचक तरीके से समझाना है।
डायल-112 से वैज्ञानिक जांच तक दिखेगी प्रक्रिया
प्रदर्शनी में विभिन्न विभाग अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी व्यवस्थाओं, तकनीक, नवाचारों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे। पुलिस की कार्यप्रणाली को भी चरणबद्ध तरीके से दिखाया जाएगा।इसमें थाने या राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 में सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल पर पुलिस और एफएसएल टीम के पहुंचने, साक्ष्य संकलन, वैज्ञानिक विवेचना और थाने में प्रकरण की कार्रवाई तक की प्रक्रिया प्रदर्शित होगी।