देशभर में मानसून लगभग पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों में मानसून के औपचारिक प्रवेश से पहले ही लगातार हो रही बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
गुजरात में बाढ़ के पानी में फंसी चार गाड़ियां, 19 लोगों को सुरक्षित निकाला
गुजरात के मेंडरडा क्षेत्र के समधियाला गांव के पास बाढ़ के तेज बहाव में चार वाहन फंस गए। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महाराष्ट्र में जलभराव से जनजीवन प्रभावित
महाराष्ट्र के नालासोपारा रेलवे स्टेशन के बाहर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यात्रियों को पानी के बीच से होकर स्टेशन तक पहुंचना पड़ा। वहीं, लगातार बारिश को देखते हुए पालघर जिले में एहतियात के तौर पर स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
राजस्थान में अस्पताल की ओटी में घुसा बारिश का पानी
राजस्थान की राजधानी जयपुर में हुई तेज बारिश के बाद सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर में पानी भर गया। स्थिति को देखते हुए मरीजों को तत्काल दूसरे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया।
मध्यप्रदेश में कई जिलों में झमाझम बारिश
मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर समेत 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार को अच्छी बारिश दर्ज की गई। उज्जैन में पुलिया पार करने के दौरान एक युवक मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में बह गया, जिसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर
उत्तरप्रदेश के करीब 20 जिलों में बारिश हुई। मथुरा में भारी वर्षा के कारण रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया। कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जलभराव हो गया, जिससे कई कारें और बाइक आधी पानी में डूब गईं। वहीं झांसी में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।