देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र, केरल, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में लगातार तेज बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
जूनागढ़ में सड़कों पर 4 फीट तक पानी, नाव से आवाजाही
गुजरात के जूनागढ़ में मूसलाधार बारिश के चलते कई इलाकों में करीब 4 फीट तक जलभराव हो गया है। हालात ऐसे बन गए कि कुछ स्थानों पर लोगों को नाव के जरिए आवागमन करना पड़ा। वहीं मौसम विभाग ने समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को 8 जुलाई तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
इसके अलावा नवसारी जिले में अंबिका नदी पर बने पुल के बीच गहरा गड्ढा बनने से करीब 11 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
महाराष्ट्र में बाढ़ का कहर, 180 से अधिक लोगों का रेस्क्यू
महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई में तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण 64 पेड़ गिर गए, जबकि 8 मकानों की दीवारें ढह गईं।
वहीं पालघर जिले में बाढ़ के पानी में बहने से 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। प्रशासन और राहत एजेंसियों ने अब तक 180 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
13 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तरप्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड सहित देश के 13 राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आंधी की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।