देश के कई राज्यों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भारी बारिश के कारण जलभराव, सड़कें डूबने और हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं बिहार और झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई।
एमपी में तेज बारिश, कार नाले में गिरी और सड़क पर बहीं बाइकें
मध्यप्रदेश के सात जिलों में बुधवार को तेज बारिश दर्ज की गई। इंदौर में बारिश के दौरान एक कार नाले में जा गिरी, जबकि सीहोर जिले में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहने लगा। तेज बहाव के कारण कई स्थानों पर बाइकें भी पानी में बह गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यूपी के कई शहरों में जलभराव, रेलवे स्टेशन और जीआरपी थाने में घुसा पानी
उत्तर प्रदेश के 25 से अधिक शहरों में बुधवार को बारिश हुई। आजमगढ़, बिजनौर और मिर्जापुर में मूसलाधार बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में भी पानी घुस गया। वहीं फतेहपुर में तेज आंधी के चलते एक ई-रिक्शा पलट गया।
महाराष्ट्र और गुजरात में भी बारिश का असर
नवी मुंबई में लगातार बारिश के चलते सड़क पर भरे पानी में करंट फैल गया। नेरुल स्थित एलपी ब्रिज के नीचे से गुजर रही दो छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं गुजरात के अमरेली जिले में भारी बारिश से राजुला तालुका की रायदी नदी उफान पर आ गई। नदी में आई बाढ़ के दौरान कुछ महिलाओं को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि 30 से अधिक बकरियां तेज बहाव में बह गईं।
दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में पहुंचा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मानसून ने पंजाब और हरियाणा में भी दस्तक दे दी। इसके साथ ही अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़कर देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है। विभाग का अनुमान है कि जुलाई महीने में देश के अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा सकती है।