अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षित और सशक्त महिलाएं किसी भी प्रगतिशील राष्ट्र की मजबूत आधारशिला होती हैं और उनके योगदान से समाज अधिक समावेशी और समृद्ध बनता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में लिखा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सभी को शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल करती हैं और साहस के साथ नेतृत्व करती हैं, तो वे समाज को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं और एक समृद्ध व समावेशी भविष्य की नींव रखती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि इस अवसर पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि ऐसा समाज बनाया जाए जहां हर महिला को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें और वह सम्मान, सुरक्षा तथा स्वतंत्रता के साथ अपना जीवन जी सके। साथ ही ऐसा वातावरण तैयार करना होगा, जहां महिलाओं के सपने और उपलब्धियां एक समान और न्यायपूर्ण भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महिला दिवस पर नारी शक्ति को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अतुलनीय है और मानवता उनके योगदान की ऋणी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पीढ़ियों का पालन-पोषण करने के साथ-साथ वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति में भी अहम भूमिका निभाती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला-नेतृत्व वाले विकास की सोच इसी कृतज्ञता का प्रतीक है, जिसमें महिलाएं अब सिर्फ विकास की साक्षी नहीं बल्कि परिवर्तन की अग्रदूत बनकर देश को आगे ले जा रही हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शक्ति, समर्पण और दृढ़ संकल्प राष्ट्र को निरंतर प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और महिलाओं को अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी महिला दिवस पर नारी शक्ति को नमन करते हुए शुभकामनाएं दीं। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा कि नारी शौर्य, साहस और शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने देवी स्वरूपा नारी को नमन करते हुए सभी मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई दी।
Comments (0)