कई देशों के बाद अब भारत में भी नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर सख्ती शुरू हो गई है। कर्नाटक सरकार ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि बच्चों में मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल और उसके नकारात्मक प्रभावों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
बजट पेश करते हुए सीएम ने किया ऐलान
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 6 मार्च को राज्य का बजट पेश करते हुए इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य में अब 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल प्रतिबंधित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इससे बच्चों को मोबाइल और इंटरनेट की लत से बचाने में मदद मिलेगी।
मोबाइल की लत और ऑनलाइन गेमिंग पर चिंता
दरअसल, पिछले महीने बेंगलुरु में आयोजित कुलपति सम्मेलन में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों से इस विषय पर राय मांगी थी। बैठक में बच्चों में बढ़ती मोबाइल की लत, ऑनलाइन गेमिंग का प्रभाव, पढ़ाई पर पड़ने वाला असर और शारीरिक फिटनेस से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की गई थी।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उठाया कदम
सरकार का कहना है कि यह फैसला बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से पढ़ाई, व्यवहार और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए यह कदम जरूरी माना जा रहा है।
Comments (0)