देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन 26 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ के तीन शहरों—रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में आयोजित होगी। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना और खेलों के दायरे को और व्यापक बनाना है।
सात खेलों में होंगे पदक मुकाबले
इस प्रतियोगिता में कुल सात खेलों में पदक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, तैराकी और कुश्ती शामिल हैं। इसके अलावा मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेल (डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट्स) के रूप में शामिल किया गया है। इन खेलों में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
आदिवासी प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इन प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें राष्ट्रीय खेल ढांचे से जोड़ना बेहद जरूरी है। यह आयोजन ऐसे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगा।
कई संस्थाओं के सहयोग से होगा आयोजन
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन, विभिन्न राष्ट्रीय खेल महासंघों और छत्तीसगढ़ राज्य आयोजन समिति के सहयोग से किया जाएगा। इस आयोजन का आधिकारिक शुभंकर ‘मोरवीर’ रखा गया है, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और आदिवासी समुदाय के साहस का प्रतीक है। खेलो इंडिया योजना के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और जमीनी स्तर से खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच मानी जा रही है।
Comments (0)