देश में इस बार मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने साथ ही एक बड़ी चिंता भी जताई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मानसून 26 मई को केरल पहुंच सकता है, जो सामान्य तिथि से करीब 4 दिन पहले है। वहीं NOAA ने सुपर अल नीनो की आशंका जताई है, जिससे बारिश कम और गर्मी अधिक पड़ सकती है।
सुपर अल नीनो से बढ़ेगी चिंता
अल नीनो प्रशांत महासागर के पानी के असामान्य रूप से गर्म होने की स्थिति है। इसका असर मानसूनी हवाओं पर पड़ता है और भारत समेत दक्षिण एशिया में बारिश कम हो सकती है। इस साल सुपर अल नीनो की संभावना ने सूखे और हीटवेव का खतरा बढ़ा दिया है।
इन राज्यों में बढ़ेगी तपिश
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड और विदर्भ क्षेत्र में लू का असर बढ़ गया है। कई जिलों में तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। रात में भी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।
भोपाल में पिघला डामर
भोपाल में तापमान 42 डिग्री पार पहुंच गया, जिससे कई जगह सड़कों का डामर पिघलने लगा। वहीं महाराष्ट्र के अमरावती में 45.6 डिग्री और राजस्थान के फलौदी में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अलग-अलग राज्यों में मौसम अलर्ट
17 और 18 मई को कई राज्यों के लिए अलग-अलग चेतावनी जारी की गई है। बिहार, झारखंड, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हीटवेव का असर बना रहेगा।
समय से पहले पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मानसून राजस्थान में 20 जून, मध्य प्रदेश में 12 जून और उत्तर प्रदेश में 18 जून तक पहुंच सकता है। हालांकि अल नीनो की वजह से इसके असर और वर्षा की मात्रा पर नजर बनी हुई है।