मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कर्जत-लोनावला के बीच भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने के कारण मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। एहतियात के तौर पर कई ट्रेनों को रद्द और कई के मार्ग में बदलाव किया गया है।
भोर घाट में लैंडस्लाइड, तीनों रेल ट्रैक प्रभावित
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) स्वप्निल नीला ने बताया कि पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश के चलते भोर घाट सेक्शन में भूस्खलन हुआ है। इस घटना से कर्जत-लोनावला रेलखंड के तीनों ट्रैक प्रभावित हुए हैं। राहत की बात यह है कि किसी ट्रेन या यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
16 ट्रेनें रद्द, 9 ट्रेनों का बदला गया रूट
रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई से पुणे जाने वाली 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 9 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें।
लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर भी असर
मुंबई सेंट्रल रेलवे के अनुसार:
- दहानू रोड–बोरीवली मेमू (ट्रेन संख्या 69174) को विरार तक ही संचालित किया गया है और विरार-बोरीवली सेक्शन में सेवा रद्द रहेगी।
- बोरीवली–वलसाड मेमू (69139) अब विरार से चलेगी और बोरीवली-विरार के बीच संचालित नहीं होगी।
- मुंबई सेंट्रल-वापी (59045) और वापी-मुंबई सेंट्रल (59040) ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं।
उपमुख्यमंत्री ने यात्रियों को किया सतर्क
महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सोशल मीडिया के जरिए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि भारी बारिश और घाट सेक्शन में लैंडस्लाइड की घटनाओं के कारण रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और कुछ के प्रारंभ एवं अंतिम स्टेशन में बदलाव किया है।
मुंबई में रेड अलर्ट, वर्क फ्रॉम होम के निर्देश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। स्थिति को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने निजी कार्यालयों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सरकारी और अर्ध-सरकारी कर्मचारियों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की गई है।