मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के बाद मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर में सोमवार को सभी सरकारी, निजी और नगर निगम के स्कूलों तथा कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
IMD का ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट और राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
ऑफिस खुले रहेंगे, लोगों से सतर्क रहने की अपील
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और निजी कार्यालय सामान्य रूप से संचालित होंगे। हालांकि, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित
पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। 30 जून से अब तक बारिश से जुड़े हादसों में एक स्कूली छात्र सहित तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
पुणे में भी स्कूलों की छुट्टी
IMD के रेड अलर्ट के बाद पुणे जिला प्रशासन ने भी जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। ठाणे और पालघर जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों के लिए इसी तरह के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुंबई यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं टलीं
भारी बारिश और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने सोमवार, 6 जुलाई को आयोजित होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी के परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड ने बताया कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।